• Sat. Aug 22nd, 2026

अंबेडकरनगर में IPS आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय मां की संदिग्ध मौत, जेवर गायब, हत्या की आशंका

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरूआ गांव में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी की 94 वर्षीय मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान इंद्रावती के रूप में हुई है। वह घर में अकेली रहती थीं। रविवार दोपहर देखभाल करने वाली दाई के घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई।मृतका के शरीर पर चोट के निशान और मुंह से खून निकलने की बात सामने आई है। वहीं, शरीर से जेवर गायब मिलने के बाद परिजनों ने हत्या और लूट की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही अयोध्या रेंज के आईजी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घर में अकेली रहती थीं IPS की मां

इंद्रावती रूढ़ा धमरूआ गांव स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। रविवार दोपहर जब उनकी देखभाल करने वाली दाई घर पहुंची तो उन्हें संदिग्ध हालत में पाया गया। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। बताया गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में एसपी हेडक्वार्टर के पद पर तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा को उनके चाचा सचिंद्र मिश्रा ने फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद आशुतोष मिश्रा लखनऊ से अंबेडकरनगर के लिए रवाना हुए।

शरीर से गायब मिले सोने के जेवर

परिजनों के मुताबिक, घर में बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उनके शरीर से कई आभूषण गायब मिले। इनमें सोने के दानों वाली तुलसी की माला, नाक की कील, कान के टॉप्स और पैरों की पायल शामिल बताए जा रहे हैं। इसी वजह से परिजनों ने हत्या के बाद जेवर लूटे जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

मालीपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला स्वाभाविक मौत का है या बुजुर्ग महिला की हत्या कर जेवर लूटे गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Leave a Reply