उमेश तिवारी
महाराजगंज। के नौतनवां तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में नवागत जिलाधिकारी के तेवर को देखकर उनके मातहत काफी सकते में रहे। समाधान दिवस में सर्वाधिक मामले जमीन से संबंधित जुड़े हुए पहुंच रहे थे। जबकि वहीं पर देवरिया कांड को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जमीनी मामले संबंधी विवादों का त्वरित निस्तारण हो । यदि ऐसा नहीं होता है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए ।
आज सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे। जिसके तहत कुल 222 मामले पेश हुए। जिसमें यथा संभव मामलों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया। शेष मामले को जिलाधिकारी ने शीघ्रता पूर्वक और नियमानुसार निस्तारित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में पेश होने वाले प्रत्येक मामले को अधिकारी गंभीरता से लें और उनका निस्तारण नियमानुसार समयानुसार कर दें। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता कदापि हतोत्साहित न करें और उनकी शिकायतों का उचित निस्तारण करें। जो मामले अत्यंत आवश्यक हों उन मामलों में संबंधित अधिकारी मौके पर स्वयं जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
बताते चलें कि देवरिया में जमीनी विवाद में हुई जघन्यतम घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश जारी किया है कि जमीनी संबंधित विवाद में किसी प्रकार के हीला हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जमीनी संबंधित विवाद का त्वरित निस्तारण किया जाय । और जमीनी विवाद से संबंधित मामलों का प्रतिदिन जिलाधिकारी समीक्षा करें । इस आदेश के बाद जमीन से संबंधित मामले जो सरकारी मुलाजिम फरियादियों को टालू मिक्चर देकर लटकाए हुए है सीएम के आदेश के बाद उनके होश उड़े हुए हैं।
जमीनी विवाद के मामले को लेकर जिलाधिकारी भी काफी गंभीर दिखे।आज के पूरे तहसील दिवस में अधिकतर जमीनी विवाद का मामला छाया रहा। जिलाधिकारी अनुनय झा ने स्पष्ट रूप से चेतावनी भरे लहजे में कहा है की जमीन के संबंध में कोई भी विवाद लंबित नही रहना चाहिए उसका तुरंत निस्तारण होना चाहिए ।
जमीन के विवाद के संबंध में जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि जमीनी विवाद के संबंध में तहसील स्तर पर टीम गठित की गई है। जमीनी विवाद मामले आते ही टीम मौके पर पहुंच कर उसका निस्तारण करेगी ।समाधान दिवस में दुर्गापुर का एक बहुत ही पुराना मामला पहुंचा था।वहां की निवासिनी दुर्गावती देवी कोर्ट का आदेश लेकर कई महीनो से तहसील का चक्कर लगा रही हैं परंतु उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। इसी प्रकार जमुहरा कला निवासी ओमप्रकाश ने शिकायत दर्ज कराई है कि पंचायत भवनकी जमीन पर वहीं के दबंगों ने कब्जा कर लिया है परंतु उस पर भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई । सोनौली स्थित राम जानकी मंदिर के मामले में वहीं के निवासी सुरेश मणि त्रिपाठी ने एक प्रार्थना पत्र देकर मांग किया कि मंदिर परिसर को पूरी तरह टैक्सी स्टैंड में परिवर्तित कर कुछ लोगों द्वारा अवैध वसूली की जा रही है जबकि मंदिर को लेकर सुरेश मणि बनाम सुरेश दास व अन्य के बीच न्यायालय में आज भी मुकदमा विचाराधीन है। इस पर प्रयागराज हाईकोर्ट से स्टे भी है फिर भी कुछ लोगों द्वारा जबरिया वसूली जारी है। सुरेश मणि का कहना है कि माननीय जिलाधिकारी महोदय ने उनकी बातों को ध्यान से सुना और उपजिलाधिकारी नौतनवां को जांच का निर्देश देते हुए तुरंत इसके निस्तारण की बात कही है। जमीनी विवाद के संबंध के मामले में जिस तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश जारी किया है उसका सतही स्तर पर कहां तक अमल होगा यह तो आने वाला समय बताएगा।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएफओ पुष्प कुमार चौधरी के,पीडी रामदरश चौधरी, उपजिलाधिकारी नौतनवां मुकेश कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवां श्रीमती आभा सिंह, नौतनवां सर्किल के सभी थानों के थाना प्रभारी सहित संबंधित जिलास्तरीय व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। तहसील दिवस में एक्सईएन हाइडिल के अनुपस्थित रहने के कारण स्पष्टीकरण जारी किया गया।