• Fri. Aug 21st, 2026

राम मंदिर में स्वतंत्रता दिवस पर फहराया तिरंगा, दुधमुंही बच्ची को बचाने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को दो स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में दुधमुंही बच्ची को छोड़कर जाने वाले लोगों की तलाश में अहम भूमिका निभाने वाले नियंत्रण कक्ष के दो पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। तीर्थ क्षेत्र की ओर से श्रद्धालु सुविधा केंद्र (पीएफसी) के सामने ट्रस्टी महंत दिनेन्द्रदास जी ने तिरंगा फहराया। वहीं पुलिस विभाग की ओर से शेषावतार मंदिर के समीप राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी महेंद्र शुक्ला ने सलामी ली।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी परिसर रंजना गुप्ता और चौकी इंचार्ज सुनील कुमार सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नियंत्रण कक्ष में तैनात ब्रजेन्द्र यादव और अवधेश पांडे को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
दोनों पुलिसकर्मियों ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में दुधमुंही बच्ची को छोड़कर जाने वाले लोगों की पहचान और तलाश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी तत्परता और जिम्मेदारी को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में राष्ट्रध्वज फहराने के साथ पुलिसकर्मियों का सम्मान किए जाने का यह अवसर देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना का संदेश देता नजर आया।

Leave a Reply