गोरखपुर। अनगिनत गुब्बारों और झंडों से सजा करीब ढाई किलोमीटर लंबा मार्ग, हाथों में लहराता तिरंगा और वातावरण में गूंजता ‘वंदे मातरम’ व ‘भारत माता की जय’ का जयघोष। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा ने गोरखपुर महानगर को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक निकली इस पदयात्रा में हर उम्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों की कतारें दिखाई दीं। कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी तो कहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बना दिया। यात्रा के मार्ग पर लगातार पुष्पवर्षा होती रही। हाथ में तिरंगा लेकर करीब ढाई किलोमीटर तक पैदल चले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत के लिए गुरु गोरखनाथ की नगरी का हर वर्ग उत्साहित नजर आया।
महारानी लक्ष्मीबाई को नमन कर शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर के पार्क में स्थापित वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पार्चन किया। उन्होंने प्रथम स्वातंत्र्य समर में महारानी लक्ष्मीबाई के योगदान को स्मरण किया। इसके बाद मंच पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में उन्होंने तिरंगे को राष्ट्र गौरव और देशभक्ति का प्रतीक बताते हुए लोगों में राष्ट्र प्रथम की भावना का संचार किया। इसके बाद मुख्यमंत्री टाउन हॉल पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तिरंगा यात्रा की अगुवाई करते हुए आगे बढ़े।
CM योगी के साथ सांसद रविकिशन और जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाए कदम
तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी कदम से कदम मिलाकर चले। उनके समानांतर बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, युवा और विभिन्न वर्गों के लोग भी तिरंगा लेकर आगे बढ़ते रहे। यात्रा शुरू होने से पहले ही नगर निगम परिसर में भारी संख्या में लोग पहुंच चुके थे। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। बड़ी संख्या में लोगों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की टी-शर्ट और कैप पहन रखी थी। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ी, जनभागीदारी और उत्साह बढ़ता गया। सड़क पर लहराते हजारों तिरंगों के बीच ऐसा दृश्य बना मानो राष्ट्रध्वज के रंगों में पूरा गोरखपुर रंग गया हो।
16 स्थानों पर पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत
तिरंगा यात्रा के मार्ग में 16 स्थानों पर विभिन्न संगठनों की ओर से ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व कर रही यात्रा का स्वागत किया गया। होटल शिवाय के सामने दवा विक्रेता समिति, पतंजलि स्टोर के सामने मारवाड़ी युवा मंच, कचहरी चौक पर अधिवक्ता परिषद, कृपाल वस्त्रालय के सामने सिंधी समाज, जलकल के सामने गोलघर व्यापार मंडल, गांधी आश्रम के सामने मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सेवा समिति, बलदेव प्लाजा के सामने बलदेव प्लाजा व्यापार एसोसिएशन, गणेश चौक पर सिख समाज और नेशनल मेडिकल स्टोर के समीप अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने स्वागत किया। इसके अलावा काली मंदिर के पास पार्षद मनु जायसवाल, साइबर थाना के सामने पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल, पुलिस लाइन तिराहा पर सराफा मंडल, सीओ कार्यालय के सामने अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, यातायात तिराहा पर राप्ती कॉम्प्लेक्स व्यापार एसोसिएशन, मालकिन होटल के पास चिकित्सा प्रकोष्ठ और वरदान होटल के सामने शिक्षक प्रकोष्ठ की ओर से भी पुष्पवर्षा एवं अभिनंदन किया गया।
8 स्थानों पर लोक कलाकारों ने बांधा समां
तिरंगा यात्रा को यादगार बनाने में सांस्कृतिककर्मियों और लोक कलाकारों ने भी अहम भूमिका निभाई। यात्रा मार्ग पर 8 स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए यात्रा का अभिनंदन किया गया। होटल शिवाय के पास बंटी बाबा ग्रुप, कचहरी चौक पर सोनिका सिंह ग्रुप, जलकल पर सुगम सिंह ग्रुप, गोलघर सेंट्रल के सामने रुचि कोरी ग्रुप, काली मंदिर के पास हीना कोमल शर्मा ग्रुप, पुलिस लाइन तिराहा पर प्रेम पराया ग्रुप, यातायात तिराहा पर गजेंद्र ग्रुप और वरदान होटल के पास विंध्याचल आजाद ग्रुप ने प्रस्तुतियां दीं।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर हुआ समापन
करीब ढाई किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रेलवे स्टेशन के सामने स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचे। यहां उन्होंने प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर यात्रा को विराम दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े और बच्चों के साथ सेल्फी लेकर इस यादगार पल को कैमरे में कैद किया। उन्होंने कुछ बच्चों को चॉकलेट भी दी।
रील बनाने की लगी होड़, छतों और दुकानों से लोगों ने कैद किया नजारा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली तिरंगा यात्रा का दृश्य इतना भव्य था कि सड़क किनारे मौजूद लोगों में इसे मोबाइल कैमरों में कैद करने और रील बनाने की होड़ नजर आई। डिवाइडर, दुकानों के बाहर और घरों की छतों से लोग तिरंगा यात्रा की तस्वीरें और वीडियो बनाते रहे। हजारों हाथों में लहराता तिरंगा, देशभक्ति के नारों से गूंजता वातावरण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जगह-जगह होती पुष्पवर्षा ने गोरखपुर की सड़कों को राष्ट्रभक्ति के जीवंत उत्सव में बदल दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में निकली यह तिरंगा यात्रा लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में रहने वाला दृश्य छोड़ गई।