• Fri. Sep 4th, 2026

UP News: CM योगी बोले- आक्रांता मंदिर तोड़ सकता है, आस्था नहीं श्रीकृष्ण के संदेश से विकसित भारत का संकल्प

लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन लखनऊ में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आक्रांता मंदिर तोड़ सकता है, लेकिन आस्था को नहीं तोड़ सकता। उन्होंने कहा कि मूर्तियां तोड़ी जा सकती हैं और मंदिरों के ऊपर इमारतें खड़ी की जा सकती हैं, लेकिन लोगों के मन में बसे श्रीराम और श्रीकृष्ण को कोई नहीं छू सकता। मुख्यमंत्री ने सोमनाथ, अयोध्या और काशी विश्वनाथ मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि आस्था की शक्ति के सामने विध्वंस की कोशिशें हमेशा विफल हुई हैं।

सोमनाथ से अयोध्या और काशी तक आस्था अडिग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सोमनाथ मंदिर कई बार टूटा, लेकिन भारत ने उसे बार-बार बनाया। इसी तरह अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर बार-बार तोड़े जाने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि आज वहां भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर अपनी अजेय पताका के साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि काशी में बाबा विश्वनाथ का मंदिर भी कई बार टूटा, लेकिन लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर और आधुनिक भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी विश्वनाथ धाम को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

आस्था मिटाने वाले इतिहास में मिट गए: योगी

सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने भारत को मिटाने और उसकी आस्था को नष्ट करने का प्रयास किया, वे स्वयं इतिहास के पन्नों में मिट गए। आज कोई उन्हें पूछने वाला नहीं है। इसके विपरीत भारत अपनी शाश्वत यात्रा पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन सभी को योगेश्वर श्रीकृष्ण के उस शाश्वत संदेश से जोड़ता है, जो हजारों वर्षों से विषम और अनुकूल परिस्थितियों में समाज का मार्गदर्शन करता आ रहा है।

जेल की काल कोठरी से दुनिया को मिला प्रकाश का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण का जन्म जेल की काल कोठरी में अंधकार के बीच हुआ, लेकिन उन्होंने जीवनभर परिस्थितियों को परास्त करते हुए समाज को प्रकाश का मार्ग दिखाया। धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना के लिए उनका अवतरण हुआ।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्तव्य के पालन की प्रेरणा देता है। कंस के विरुद्ध संघर्ष से लेकर महाभारत के युद्ध तक उनके जीवन में धर्म और कर्तव्य का संदेश दिखाई देता है। जब जीवन में भ्रम और संशय की स्थिति आती है, तब श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से श्रीकृष्ण का कर्म का संदेश मार्गदर्शन करता है।

मथुरा-वृंदावन में उमड़ा आस्था का सैलाब

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें यह सौभाग्य मिला कि वह जन्माष्टमी के अवसर पर पिछले दिन से दोपहर तक मथुरा और वृंदावन में रहे। उन्होंने कहा कि वहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े और लोगों को न बारिश की चिंता थी, न गर्मी की और न ही किसी अन्य असुविधा की।

सीएम ने कहा कि सभी श्रद्धालुओं के मन में एक ही भाव था कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन करना है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, बलदेव और नंदगांव में आज भी भगवान श्रीकृष्ण की स्मृतियां लोगों के मन में गहराई से बसी हुई हैं।

श्रीकृष्ण का संदेश: प्रकृति की रक्षा भी हमारी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने ब्रज की प्रकृति और पर्यावरण का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां लोग अनावश्यक रूप से पहाड़ों का खनन नहीं करते, पेड़ों की टहनियां नहीं तोड़ते और प्रकृति को नुकसान नहीं पहुंचाते। उन्होंने श्रीकृष्ण के गोवर्धन प्रसंग को प्रकृति, किसान और पशुपालक समाज से जोड़ते हुए कहा कि श्रीकृष्ण ने इंद्र की पूजा के बजाय उन लोगों और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया, जो समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि इसी भाव के कारण आज भी लोग गोवर्धन की पूजा करते हैं और लाखों श्रद्धालु गोवर्धन की परिक्रमा के लिए पहुंचते हैं। सीएम ने कहा कि यह परंपरा भी दिखाती है कि आक्रांता मंदिर तोड़ सकता है, लेकिन आस्था नहीं।

प्रतिस्पर्धा सकारात्मक होनी चाहिए

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण का संदेश है कि कर्म क्षेत्र में स्वयं को पहचानना चाहिए। आज हर क्षेत्र में नई प्रतिस्पर्धा है और पूरा देश नए उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि यह प्रतिस्पर्धा सकारात्मक भाव के साथ होनी चाहिए। मुख्यमंत्री के मुताबिक जिन लोगों ने आस्था और भारत के भाव को नष्ट करने का प्रयास किया, उनका भाव नकारात्मक था और वे स्वयं इतिहास में समाप्त हो गए।

विकसित भारत के लिए हर व्यक्ति को निभाना होगा कर्तव्य

सीएम योगी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार के प्रयासों से पूरा नहीं होगा। इसके लिए 140 करोड़ भारतवासियों को मिलकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे और अपने कर्मक्षेत्र में श्रेष्ठ करने की दिशा में आगे बढ़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाएगा, तभी विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की संकल्पना साकार होगी।

ये गणमान्य लोग रहे मौजूद

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, जय देवी, अमरेश कुमार और ओपी श्रीवास्तव, मुख्य सचिव एसपी गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

Leave a Reply