लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की एंट्री हो गई है। करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद इस्तीफा देने वालीं दिव्या मित्तल ने मंगलवार को राजनीति में उतरने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा उत्तर प्रदेश से ही शुरू होगी और वह उन लोगों की आवाज बनना चाहती हैं, जिनकी बात सरकारी दफ्तरों तक नहीं पहुंच पाती या पहुंचने के बाद भी सुनी नहीं जाती।
दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर जारी करीब 10 मिनट के वीडियो संदेश में कहा कि वह किसी स्थापित राजनीतिक दल के साथ जुड़ने के बजाय जनता के साथ मिलकर अपनी राजनीतिक राह बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए किसी पद तक पहुंचने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के सवाल उठाने का जरिया होगी। उनका संदेश रहा- “हिसाब चाहिए, न्याय चाहिए, डरना नहीं है। चलिए, हिसाब मांगते हैं।”
प्रशासनिक सेवा के बाद जनता की आवाज बनने की बात
दिव्या मित्तल ने अपने प्रशासनिक कार्यकाल के अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कई ऐसे मामलों को देखा, जिनमें आम लोगों की समस्याएं लंबे समय तक लंबित रहीं। उन्होंने स्कूल, सड़क, पुल, किसानों और पेपरलीक जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह उन लोगों की आवाज बनना चाहती हैं, जिनकी बात प्रभावी ढंग से नहीं सुनी जाती।
उन्होंने मीरजापुर के लहुरियादह गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि एक महिला ने उनसे अपने परिवार की व्यक्तिगत जरूरत के बजाय गांव में पांचवीं कक्षा के बाद पढ़ाई के लिए स्कूल की मांग की थी। दिव्या मित्तल के अनुसार, स्वीकृति के बावजूद वर्षों बाद भी स्कूल का निर्माण शुरू नहीं हो सका। उन्होंने इसी तरह के मामलों को लेकर जवाबदेही तय करने की जरूरत बताई।
यूपी से ही शुरू करेंगी राजनीतिक सफर
पूर्व आईएएस अधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश उनके लिए केवल कार्यक्षेत्र नहीं, बल्कि ऐसा प्रदेश है जहां लोगों ने उन्हें परिवार की तरह अपनाया। इसलिए वह अपनी राजनीतिक यात्रा भी यहीं से शुरू करना चाहती हैं। उन्होंने लोगों से किसी एक व्यक्ति को मसीहा मानकर इंतजार करने के बजाय बदलाव की शुरुआत खुद करने का आह्वान किया।
दिव्या मित्तल ने अपने वीडियो संदेश में लोगों से व्हाट्सऐप के माध्यम से जुड़ने की अपील भी की है। हालांकि उन्होंने अभी किसी राजनीतिक दल में शामिल होने की घोषणा नहीं की है। उनकी ओर से फिलहाल उत्तर प्रदेश से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने और जनता के साथ मिलकर काम करने की बात कही गई है।
15 सितंबर से प्रभावी हुआ था इस्तीफा
2013 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। केंद्रीय स्तर पर इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद यह 15 सितंबर 2026 से प्रभावी हुआ। इससे पहले वह मिर्जापुर और देवरिया की जिलाधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं।