लखनऊ/प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली वार्ड में करीब 100 वर्ष पुराना मकान देर रात अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
बताया गया कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे। मकान गिरने से नितिन श्रीवास्तव (24), प्रमोद श्रीवास्तव (45), रीता श्रीवास्तव (42), माधुरी (24), माधव (2) और छह माह के मासूम बाबू की मौत हो गई। वहीं अमन श्रीवास्तव घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायल अमन श्रीवास्तव का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि प्रतापगढ़ में हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।