• Mon. Oct 5th, 2026

बस्ती में कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 7 से 11 अगस्त तक कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

बस्ती। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। कांवड़ियों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और आमजन को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से 7 अगस्त 2026 की रात 8 बजे से 11 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक जिले के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों, शहर के प्रमुख मार्गों और कांवड़ यात्रा रूट पर वाहनों का आवागमन परिवर्तित रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही प्रयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर रहेगा रूट डायवर्जन

लखनऊ से बाराबंकी, अयोध्या और बस्ती की ओर आने वाले वाहन शहीद पथ से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे। बाराबंकी से आने वाले वाहन जरवल रोड, कर्नलगंज, गोंडा, उतरौला और डुमरियागंज होकर आगे जाएंगे। गोंडा की ओर से आने वाले वाहनों को कटरा से नवाबगंज, गोंडा, डुमरियागंज मार्ग से भेजा जाएगा। संतकबीरनगर से आने वाले वाहनों को खलीलाबाद, मेंहदावल रोड, बांसी, डुमरियागंज और उतरौला मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। गोरखपुर से बस्ती आने वाले वाहनों को लिंक एक्सप्रेसवे से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

बस्ती शहर में भी बदला रहेगा यातायात रूट

कांवड़ यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों पर बैरियर लगाए जाएंगे। शास्त्री चौक, चेतक तिराहा, फौव्वारा तिराहा, गढ़गोड़िया तिराहा, सोनूपार सहित अन्य स्थानों से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। शास्त्री चौक से रामचंद्र शुक्ल तिराहा की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। फौव्वारा तिराहा से कंपनी बाग की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। सोनूपार से डारीडीहा मार्ग पर वाहनों का आवागमन नियंत्रित रहेगा। कांवड़ियों से जुड़े वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा।

कांवड़ियों के वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था

कांवड़ यात्रा में आने वाले वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश से रोकते हुए अलग-अलग स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा। फुटहिया, बड़ेबन, पटेल चौक, हर्दिया चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, परसा जाफर, शास्त्री चौक, चेतक तिराहा, अस्पताल चौराहा, सोनूपार समेत कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए लगातार निगरानी की जाएगी।

आपातकालीन स्थिति के लिए भी तैयार किया गया प्लान

श्रावण मेले के दौरान आपात स्थिति में भारी वाहनों और छोटे वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। बड़ेबन, ब्लॉक रोड, फौव्वारा, दीवानी चौराहा, मालवीय तिराहा, रौता चौराहा, रोडवेज तिराहा और अस्पताल चौराहा से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। पुलिस प्रशासन ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात नियमों का पालन कर श्रद्धालु एवं वाहन चालक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply