• Mon. Oct 5th, 2026

कांवड़ यात्रा में उपद्रवियों पर जीरो टॉलरेंस, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का महापर्व बताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा में बाधा उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भ्रामक और मिथ्या समाचार फैलाकर माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश का तत्काल तथ्यात्मक खंडन किया जाए। पवित्र धार्मिक आयोजनों में उपद्रव, अराजकता और गुंडागर्दी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, कांवड़ यात्रा, बाढ़ की स्थिति, आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों, खाद की उपलब्धता और स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज में जातीय विद्वेष फैलाने की कोशिशों के बीच लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता वाली कांवड़ यात्रा सामाजिक समरसता का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरी है। सरकार के साथ अनेक सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाएं भी श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हैं, जो समाज की सकारात्मक सहभागिता को दर्शाती हैं।

बरेली में उर्स और कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश

मुख्यमंत्री ने बरेली में कांवड़ यात्रा और आला हजरत उर्स को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने इस्लामिक समुदाय द्वारा उर्स के दौरान शाकाहारी भोजन वितरण और शिवभक्तों की आस्था का सम्मान करते हुए आयोजन को सीमित दायरे में रखने की सराहना की। मुख्यमंत्री ने इसे सामाजिक सौहार्द, पारस्परिक सम्मान और संवेदनशीलता का सकारात्मक उदाहरण बताया।

खाद की कालाबाजारी पर सख्त नजर, किसानों को नहीं होगी परेशानी

यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वितरण व्यवस्था पारदर्शी हो, किसानों को समय पर खाद मिले और एक भी बोरी की कालाबाजारी न होने पाए। नेपाल सीमा से सटे जिलों में विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।

महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, मिशन शक्ति को मिलेगी और मजबूती

महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने, महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय तैनाती सुनिश्चित करने, शोहदों और टप्पेबाजों की पहचान सार्वजनिक करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने बलिया, बाराबंकी, उन्नाव समेत बाढ़ प्रभावित आठ जिलों की समीक्षा करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, कुशीनगर, मुजफ्फरनगर और बलिया में तटबंधों की कटान रोकने तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत, आवास और भूमि उपलब्ध कराने को कहा।

स्कूली वाहनों की फिटनेस अनिवार्य, ई-रिक्शा और टैक्सी चालकों का होगा सत्यापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल फिटनेस मानकों पर खरे उतरने वाले स्कूली वाहनों का ही संचालन किया जाए। साथ ही ई-रिक्शा, टैक्सी और स्कूल वाहन चालकों का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, अपर मुख्य सचिव (गृह), राहत आयुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply