• Fri. Aug 21st, 2026

यमुना किनारे बनेगा 3.46 करोड़ का आधुनिक पार्क, मॉर्निंग वॉक से लेकर ओपन एयर थिएटर तक मिलेंगी सुविधाएं

आगरा। उत्तर प्रदेश में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और शहरी विकास को नई दिशा देने की दिशा में योगी सरकार एक और महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से काम शुरू करने जा रही है। ताजनगरी आगरा में यमुना नदी के किनारे झलकारी बाई चौराहे से लेकर वेदांत मंदिर तक के क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से युक्त हरित क्षेत्र (ग्रीन जोन) के रूप में विकसित किया जाएगा। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत करीब 3.46 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पार्क शहरवासियों और पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेगा। इस परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जुलाई 2026 को किया था।

अमृत 2.0 के तहत बदलेगी यमुना किनारे की तस्वीर

परियोजना के तहत वर्षों से उपेक्षित और कचरायुक्त यमुना तट को आधुनिक पार्क में बदला जाएगा। यहां 1500 मीटर लंबा और 1.5 मीटर चौड़ा पाथवे, 200 वर्गमीटर का ओपन जिम, आकर्षक फाउंटेन, आधुनिक एलईडी लाइटिंग, बैठने के लिए बेंच और बेहतर लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। इसके साथ ही 100 से 150 लोगों की क्षमता वाला 300 वर्गमीटर का ओपन एयर एम्फीथिएटर भी बनाया जाएगा, जहां छोटे सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए 200 वाहनों की पार्किंग तथा पूरे क्षेत्र में 1500 मीटर लंबी मजबूत फेंसिंग भी विकसित की जाएगी।

पर्यावरण संरक्षण के साथ विकसित होगा रिवर फ्रंट

परियोजना में पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। यमुना किनारे फैले कचरे को हटाकर वैज्ञानिक तरीके से लैंडफिल तक पहुंचाया जाएगा। वहीं प्रदूषित भूमि को फाइटोरेमेडिएशन तकनीक के जरिए पुनर्जीवित किया जाएगा। इस दौरान कैसिया बाइफ्लोरा, बोगनवेलिया, नेरियम ओलियंडर, पाम और बेबी गोल्डन जैसी प्रजातियों का बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। ताजमहल की सुंदरता को ध्यान में रखते हुए ‘विजुअल कॉरिडोर’ भी विकसित किए जाएंगे, ताकि यमुना तट से ताज का दृश्य और अधिक आकर्षक दिखाई दे। साथ ही आसपास की कृषि भूमि पर सजावटी पौधों का उत्पादन कर परियोजना के रखरखाव को भी आर्थिक आधार प्रदान किया जाएगा।

शहरवासियों को मिलेगा नया पर्यटन और फिटनेस हब

अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 3.46 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पार्क मॉर्निंग वॉक, योग, बच्चों के खेलने और परिवारों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराएगा। साथ ही सघन पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और यमुना रिवर फ्रंट को आगरा के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में यह परियोजना अहम साबित होगी।

Leave a Reply