• Fri. Aug 21st, 2026

लखनऊ में भव्यता से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, राम-सीता की झांकी ने मोहा मन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विधानभवन के सामने 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, सांस्कृतिक विविधता और उत्साह के बीच भव्यता से मनाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विधानभवन परिसर भारत माता के जयघोष, देशभक्ति गीतों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा। आसमान से हुई पुष्पवर्षा और तिरंगे गुब्बारों के दृश्य ने समारोह के उत्साह को और बढ़ा दिया। समारोह की शुरुआत सुबह करीब 9:15 बजे राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से हुई। भारतखण्डे संगीत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुति देकर वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। इसके बाद 32वीं वाहिनी पीएसी, 35वीं वाहिनी पीएसी और मिलिट्री बैंड ने अनुशासित एवं आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समारोह की गरिमा बढ़ाई।

CM योगी ने तिरंगे गुब्बारे छोड़कर दिया देशभक्ति का संदेश

राष्ट्रीय ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगे गुब्बारों को आसमान में छोड़ा। इस दौरान पूरा परिसर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। बच्चों और आम लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों के चेहरों पर स्वतंत्रता दिवस की खुशी साफ नजर आई।

‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की दिखी शानदार तस्वीर

स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को केंद्र में रखते हुए विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति को मंच पर उतारा गया। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड, पूर्वांचल, अवध और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, गुजरात और बिहार के कलाकारों ने अपनी लोक परंपराओं की प्रस्तुति दी। ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘छठी मैया’ के लोकगीतों से लेकर विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों तक प्रस्तुतियों ने देश की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर जीवंत कर दिया।

भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की झांकी ने खींचा आकर्षण

समारोह का प्रमुख आकर्षण भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की भव्य झांकी रही। गौरी कला मंडपम ग्रुप की ओर से प्रस्तुत झांकी ने दर्शकों का मन मोह लिया। वाराणसी की कुमकुम रस्तोगी ने माता सीता, ऋत्विक सिंह ने भगवान राम और आयुष साहू ने लक्ष्मण की भूमिका निभाई। करीब 16 कलाकारों की टीम ने इस प्रस्तुति को तैयार किया। कलाकारों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर प्रस्तुति देना उनके लिए गौरव और सौभाग्य का विषय रहा। टीम ने करीब पांच दिनों तक लगातार अभ्यास कर इस प्रस्तुति को तैयार किया था।

कथक, लोकनृत्य और शंख वादन ने बांधा समां

भारतखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय की टीम ने कथक और लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। 20 प्रतिभागियों ने कथक तथा छह प्रतिभागियों ने लोकनृत्य प्रस्तुत किया। कथक में तराना की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मथुरा-वृंदावन से आए रवि शंकर ने शंख वादन की प्रस्तुति देकर समारोह में आध्यात्मिक रंग भर दिया। कलाकारों ने बताया कि राष्ट्रीय समारोह के लिए कई दिनों से इसकी तैयारी चल रही थी।

छत्तीसगढ़ के ‘रेला पाटा’ में दिखी बस्तर की लोक संस्कृति

छत्तीसगढ़ से पहुंचे 19 कलाकारों के दल ने बस्तर की प्रसिद्ध पारंपरिक लोक कला ‘रेला पाटा’ की प्रस्तुति दी। दल के नेतृत्वकर्ता कुलभूषण चंद्राकर ने बताया कि टीम करीब एक सप्ताह से इसकी तैयारी कर रही थी। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों के कलाकारों के साथ एक ही मंच पर प्रस्तुति देना बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती को माता कौशल्या का मायका कहा जाता है और भगवान राम की धरती उत्तर प्रदेश में प्रस्तुति देने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है।

अरुणाचल और महाराष्ट्र के कलाकारों ने भी बिखेरा रंग

अरुणाचल प्रदेश से आई कलाकार नीलम ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुति को गर्व का अवसर बताया। वहीं महाराष्ट्र से आए बाहुबली राजमान ने बताया कि उनकी 22 सदस्यीय टीम ने करीब एक सप्ताह तक तैयारी की थी। विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों का एक साथ मंच साझा करना राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश देता नजर आया।

आसमान से पुष्पवर्षा ने बढ़ाया स्वतंत्रता दिवस का उत्साह

समारोह के दौरान आसमान से हुई पुष्पवर्षा ने वहां मौजूद लोगों में खासा उत्साह भर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगे गुब्बारे हवा में छोड़े। इस दौरान बच्चों और आम लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भारत माता के जयकारे लगाए। स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति, संस्कृति और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने विधानभवन परिसर को राष्ट्रीय गौरव के रंग में रंग दिया। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply