अम्बेडकरनगर। विकास और सुशासन के क्षेत्र में अम्बेडकरनगर ने एक बार फिर अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में जिले को तीसरा और राजस्व कार्यों में आठवां स्थान मिला है। दोनों क्षेत्रों के प्रदर्शन को मिलाकर जनपद ने समग्र रैंकिंग में प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है।
प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जिले का यह प्रदर्शन योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, विभागीय समन्वय, लक्ष्यों की नियमित समीक्षा और विकास कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन का परिणाम माना जा रहा है। शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन की सक्रियता ने भी इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
लगातार टॉप-5 में बनी हुई है जिले की जगह
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में अम्बेडकरनगर लगातार टॉप-5 जिलों में अपनी स्थिति बनाए हुए है। विकास योजनाओं और राजस्व कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा, प्रभावी अनुश्रवण तथा परिणाम आधारित कार्यप्रणाली के चलते जिले को लगातार बेहतर प्रदर्शन का लाभ मिल रहा है।जिलाधिकारी ईशा प्रिया के मार्गदर्शन में विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और राजस्व से जुड़े कार्यक्रमों की लगातार समीक्षा की जा रही है। विभागीय अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के साथ कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
कमजोर प्रदर्शन वाले बिंदुओं पर तत्काल सुधार
जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की प्रगति की नियमित निगरानी की जाती है। जिन बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति नहीं मिलती, उन्हें चिह्नित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए जाते हैं। इसी जवाबदेह, अनुश्रवण आधारित और परिणामपरक कार्यशैली का असर प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जिले की स्थिति के रूप में सामने आया है।
बेहतर रैंकिंग के लिए और तेज होंगे प्रयास
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने इस उपलब्धि पर सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अम्बेडकरनगर को विकास और सुशासन के क्षेत्र में लगातार अग्रणी बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से वर्तमान प्रदर्शन को बनाए रखने के साथ आने वाले समय में इससे भी बेहतर रैंक हासिल करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता, बेहतर समन्वय और प्रभावी अनुश्रवण के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।