अयोध्या। अयोध्या की पहचान अब सिर्फ राम मंदिर और धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं, बल्कि यहां के पारंपरिक उत्पाद भी देश-दुनिया के बाजार में अपनी जगह बना रहे हैं। योगी सरकार की ओडीओसी और ओडीओपी योजनाओं, एमएसएमई प्रोत्साहन तथा जिला उद्योग केंद्र के सहयोग से अयोध्या के छोटे उद्यमियों को नोएडा में आयोजित ट्रेड शो में अंतरराष्ट्रीय मंच मिला। यहां कुल्हड़ वाली दही-जलेबी, पेड़ा और चिकनकारी के उत्पादों ने खरीदारों का ध्यान खींचा, वहीं उद्यमियों को नए कारोबारी संपर्क, ऑर्डर और विदेशी खरीदारों से सीधी बातचीत का अवसर मिला।ट्रेड शो में पूनम सिंह इम्ब्रॉयडरी एंड कॉच, मौर्य स्वीट्स भंडार और मौर्य स्वीट्स एंड कैफे जैसे स्थानीय उद्यमों ने हिस्सा लिया। इन उद्यमियों ने न सिर्फ अच्छी कमाई की, बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन और दुबई के खरीदारों से भी सीधी मुलाकात की। जिला उपायुक्त उद्योग प्रभात रंजन शुक्ला के अनुसार, उद्यमियों का कहना है कि पहले इतने बड़े प्लेटफॉर्म तक पहुंचने का अवसर आसानी से नहीं मिलता था। योगी सरकार की ओडीओसी व ओडीओपी योजना, एमएसएमई प्रोत्साहन और प्रशासनिक सहयोग से उन्हें उत्पादों के प्रदर्शन के साथ मुनाफा और नेटवर्किंग का भी अवसर मिला। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
कुल्हड़ वाली दही-जलेबी बनी ट्रेड शो की खास पसंद
ओडीओसी योजना के तहत मौर्य स्वीट्स भंडार के प्रोप्राइटर दीप नारायण मौर्य ने कुल्हड़ वाली दही-जलेबी के साथ ट्रेड शो में हिस्सा लिया। उनके स्टॉल पर रोजाना करीब 35 से 40 हजार रुपये का टर्नओवर रहा।ट्रेड शो के दूसरे दिन से ही घरेलू खरीदारों के साथ विदेशी बायर्स ने भी अयोध्या की पारंपरिक कुल्हड़ वाली दही-जलेबी का स्वाद चखा। विदेशी खरीदारों को उद्यम के बारे में जानकारी दी गई, संपर्क नंबर साझा किए गए और उन्हें राम मंदिर दर्शन के साथ अयोध्या आने का निमंत्रण भी दिया गया।
ट्रेड शो में छाया अयोध्या का पेड़ा, देश-विदेश के कारोबारियों ने दिखाई दिलचस्पी
ओडीओसी योजना के तहत मौर्य स्वीट्स एंड कैफे की प्रोप्राइटर पम्मी मौर्य ने पेड़े के साथ ट्रेड शो में भाग लिया। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में उनके उत्पाद को लेकर प्रदेश ही नहीं, बल्कि अन्य देशों से आए प्रतिभागियों में भी विशेष रुचि दिखाई गई। ट्रेड शो में मिली यह पहचान स्थानीय उद्यमियों के लिए नए बाजार और कारोबार विस्तार की संभावनाएं लेकर आई है।
अयोध्या के उत्पादों ने खींचा कारोबारियों का ध्यान, 15 लोगों ने मांगी फ्रेंचाइजी
नोएडा के ट्रेड शो में अयोध्या के ओडीओसी उत्पादों को अच्छा प्रतिसाद मिला। मौर्य स्वीट्स भंडार के प्रोप्राइटर दीप नारायण मौर्य ने बताया कि करीब 15 लोगों ने उनके उत्पादों की फ्रेंचाइजी या सहयोग की मांग की। इससे पहले वह राष्ट्रीय फूड फेयर में भी भाग ले चुके हैं। ट्रेड शो में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से भी उन्हें सहयोग मिला और अलग-अलग स्तर पर आई क्वेरी का त्वरित समाधान किया गया। वहीं पम्मी मौर्य के पेड़े को लेकर भी विभिन्न देशों से आए उद्यमियों ने दिलचस्पी दिखाई।
चिकनकारी के कपड़ों की डिमांड, अमेरिका-ब्रिटेन और दुबई के बायर्स से हुई मीटिंग
पूनम सिंह इम्ब्रॉयडरी एंड कॉच की प्रोप्राइटर पूनम सिंह के स्टॉल पर चिकनकारी के कपड़ों की खासी मांग रही। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो से उन्हें अच्छा एक्सपोजर मिला और अमेरिकी, ब्रिटिश और दुबई के बायर्स से मीटिंग हुई। जयपुर और दिल्ली के मॉल मैनेजरों का भी सहयोग मिला, जिससे उनके उत्पादों के ऑर्डर प्राप्त हुए। इस ट्रेड शो से उन्हें करीब पांच लाख रुपये का मुनाफा हुआ। पूनम सिंह ने जिला उद्यम एवं प्रोत्साहन केंद्र, अयोध्या का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं के कारण उन्हें इस तरह का बाजार मिला है और वह चाहती हैं कि आगे भी ऐसे अवसर मिलते रहें।
हाईफ्लो इंडस्ट्रीज को मिले 25 नए कारोबारी संपर्क, 10 से 12 नई व्यावसायिक संभावनाएं
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में अयोध्या की हाईफ्लो इंडस्ट्रीज को भी कारोबार विस्तार के नए अवसर मिले। ट्रेड शो के दौरान कंपनी ने करीब 20 से 25 नए डीलरों और स्टार्टअप से मुलाकात की। ये सभी संभावित खरीदार घरेलू बाजार से जुड़े रहे। इन मुलाकातों के जरिए कंपनी को कारोबार से संबंधित करीब 10 से 12 नई लीड मिली हैं, जिससे आने वाले समय में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। कंपनी के प्रतिनिधि राशिद के अनुसार, ट्रेड शो घरेलू बाजार में नए कारोबारी संपर्क बनाने और उत्पादों को नए खरीदारों तक पहुंचाने का प्रभावी मंच साबित हुआ। अलग-अलग क्षेत्रों से आए डीलरों और स्टार्टअप के साथ उत्पादों की मांग, बाजार की संभावनाओं और कारोबारी साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।ट्रेड शो के दौरान स्थानीय प्रशासन की ओर से भी सहयोग मिला। आयोजकों और हॉल प्रबंधन की व्यवस्थाओं को कंपनी ने बेहतर बताया। व्यवस्थित प्रबंधन और प्रशासन के सहयोग से कारोबारियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और संभावित खरीदारों से सीधे संवाद का अवसर मिला। कंपनी ने बताया कि नए डीलरों और स्टार्टअप से बने संपर्कों को आगे कारोबारी रिश्तों में बदलने पर काम किया जाएगा। ट्रेड शो से मिले नए संपर्क और लीड कंपनी के कारोबार के विस्तार में मददगार साबित हो सकते हैं।
योगी सरकार की योजनाओं से स्थानीय उत्पादों को मिला अंतरराष्ट्रीय बाजार का मंच
अयोध्या के इन उद्यमियों की ट्रेड शो में भागीदारी दिखाती है कि योगी सरकार की ओडीओसी, ओडीओपी और एमएसएमई प्रोत्साहन जैसी योजनाओं के जरिए स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है। कुल्हड़ वाली दही-जलेबी, पेड़ा, चिकनकारी और अन्य पारंपरिक उत्पादों को मिले इस मंच से उद्यमियों को नए कारोबारी संपर्क, ऑर्डर और बाजार विस्तार की संभावनाएं मिली हैं। सरकारी योजनाओं और जिला प्रशासन के सहयोग से अयोध्या की स्थानीय उद्यमिता को नए बाजारों से जोड़ने की दिशा में कदम आगे बढ़ा है।
