• Sat. Oct 3rd, 2026

कैप्टन स्मित मच्छार को मैनकाइंड फार्मा का सलाम, परिवार को देगी ₹1 करोड़

नई दिल्ली। फ्लायदुबई विमान में संकट के दौरान अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के सम्मान में मैनकाइंड फार्मा ने बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने कैप्टन स्मित मच्छार और उनके परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। कंपनी ने इसे उनके साहस, जिम्मेदारी और नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रयास बताया है।

मैनकाइंड फार्मा के वाइस चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव जुनेजा ने कैप्टन स्मित को लिखे पत्र में उनके साहस और संकट के समय दिखाई गई जिम्मेदारी की सराहना की। कंपनी की ओर से कहा गया कि यह राशि उन लोगों की जान की कीमत नहीं है जिन्हें कैप्टन ने बचाने में भूमिका निभाई, बल्कि उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।

गंभीर स्थिति में भी संभाला विमान

30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लायदुबई की उड़ान के दौरान कॉकपिट में कथित हमला हुआ था। घटना में कैप्टन स्मित मच्छार घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने विमान पर नियंत्रण बनाए रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक में आपात स्थिति में उतारा गया।

घटना के बाद कैप्टन स्मित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। ताजा रिपोर्टों के अनुसार उन्हें आगे के उपचार के लिए अबू धाबी ले जाया गया है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पीएम मोदी भी कर चुके हैं तारीफ

कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सार्वजनिक रूप से सराहना की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने दूसरों की जान बचाने के लिए असाधारण साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया। पीएम ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मैनकाइंड फार्मा की ओर से जारी संदेश में भी कैप्टन स्मित के नेतृत्व और यात्रियों तथा चालक दल को खुद से पहले रखने की भावना की सराहना की गई। कंपनी ने कहा कि ₹1 करोड़ का योगदान उनके प्रति सम्मान और आभार की अभिव्यक्ति है।

देश-दुनिया में हो रही सराहना

कैप्टन स्मित मच्छार की भूमिका की भारत के साथ-साथ विदेशों में भी सराहना हो रही है। इजरायल के राजदूत ने भी उनके साहस की प्रशंसा की है और उनके सम्मान की बात कही है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी उन्हें ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Leave a Reply