अयोध्या। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के प्रथम अयोध्या आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अयोध्या-बाराबंकी सीमा रानीमऊ से लेकर अयोध्या-बस्ती सीमा तक जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित कर नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री का जोरदार अभिनंदन किया गया।
हरीश द्विवेदी के स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। रानीमऊ में रुदौली विधायक रामचंद्र यादव और मवई ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।
बुलडोजर से बरसे फूल, पहनाई गई एक कुंतल की माला
रौनाही टोल प्लाजा पर पूर्व विधायक खब्बू तिवारी के नेतृत्व में हरीश द्विवेदी का अनोखे अंदाज में स्वागत किया गया। यहां बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें करीब एक कुंतल की फूलों की माला पहनाई और गदा भेंट की।
स्वस्ति वाचन के बीच आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री के समर्थन में नारे लगाकर उत्साह का प्रदर्शन किया।
सहादतगंज-जनौरा में भी हुआ जोरदार अभिनंदन
हरीश द्विवेदी के काफिले के पहुंचने पर सहादतगंज-जनौरा बूथ नंबर चार के पास भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अलग-अलग स्थानों पर हुए कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
2047 के विकसित भारत के संकल्प पर जोर
स्वागत से अभिभूत हरीश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जुटेगा। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
2027 में भाजपा की वापसी का दावा
हरीश द्विवेदी ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन के दम पर पार्टी 2027 में एक बार फिर बहुमत की सरकार बनाएगी। अयोध्या में हुए भव्य स्वागत ने भाजपा के संगठनात्मक स्तर पर हरीश द्विवेदी की नई जिम्मेदारी को लेकर कार्यकर्ताओं के उत्साह को भी सामने ला दिया। उनके स्वागत में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।