• Tue. Sep 22nd, 2026

Ayodhya News: ‘हनुमान अंश’ की सह-निर्माता अनुप्रिया नागर ने किए रामलला के दर्शन, महंत नृत्य गोपाल दास से लिया आशीर्वाद

अयोध्या। फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सह-निर्माता अनुप्रिया नागर सोमवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचीं। अयोध्या पहुंचते ही उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद वह हनुमानगढ़ी पहुंचीं और बजरंगबली के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया।

दर्शन-पूजन के बाद अनुप्रिया नागर ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात की। उन्होंने महंत का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान फिल्म से संबंधित आमंत्रण और स्वीकृति से जुड़े पत्र भी प्रस्तुत किए गए।

रामलला के दर्शन को बताया भावुक और सौभाग्य का पल

मीडिया से बातचीत में अनुप्रिया नागर ने रामलला के दर्शन को अपने लिए बेहद भावुक और सौभाग्य का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या आकर जिस ऊर्जा, शांति और आध्यात्मिक अनुभूति का अनुभव होता है, वह उनके लिए विशेष है।

उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र बताया। अनुप्रिया ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा से उनका विशेष जुड़ाव महसूस होता है।

सनातन संस्कृति के मूल्यों को आगे बढ़ाने पर जोर

अनुप्रिया नागर ने धर्म और संस्कृति से जुड़े मूल्यों को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपनी परंपराओं और सनातन संस्कृति के मूल्यों को जीवन में उतारना सभी का दायित्व है।

उन्होंने अयोध्या यात्रा को अपनी फिल्म और आगामी कार्यों के लिए भी विशेष बताया। इससे पहले भी अनुप्रिया नागर वृंदावन, हरिद्वार, कैंची धाम और बागेश्वर धाम सहित कई धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर संतों का आशीर्वाद ले चुकी हैं।

फिल्म की सफलता के बाद लगातार धार्मिक स्थलों की यात्रा

बाबा नीम करौरी महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बाद अनुप्रिया नागर विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कर रही हैं। उन्होंने इससे पहले हरिद्वार में भी संतों से मुलाकात की थी और फिल्म की सफलता को ईश्वर तथा संतों के आशीर्वाद से जोड़ा था।

अयोध्या में रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन तथा महंत नृत्य गोपाल दास से आशीर्वाद लेने के दौरान उन्होंने फिल्म से जुड़े आमंत्रण एवं स्वीकृति पत्र भी साझा किए। अंत में उन्होंने सभी का आभार जताते हुए ‘जय श्रीराम’ का उद्घोष किया।

Leave a Reply