बस्ती। परशुरामपुर विकास क्षेत्र में सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गॉंधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनायी। 2 अक्टूबर के अवसर सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों पर राष्ट्रध्वज फहरा कर दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके बताये गये आदर्शों को अपने आचरण में लाने के लिए प्रेरित किया गया। विकास क्षेत्र के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिकंदरपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

इस अवसर बापूजी के प्रिय गीत रघुपति राघव राजाराम एवं वैष्णव जन तो तेने कहिए जैसे गीतों से विद्यालय प्रांगण गूंज उठा। विद्यालय के छात्र-छात्राओं के द्वारा बहुत सुंदर गीत एवं भाषण प्रस्तुत किए गए। विद्यालय के छात्र अजय सोनी ने गांधी जी बनकर उनके आदर्शों एवं उनके द्वारा दिए गए नारे को बच्चों के बीच प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ साधना और एवं वरिष्ठ सहायक अध्यापिका डॉ निशा कुशवाहा के द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन चरित एवं उनके आदर्शों को विस्तार पूर्वक बताया गया। इस कार्यक्रम में सहायक अध्यापिका शिखा सिंह, राजश्री मौर्य, मीरा वर्मा एवं कनिष्ठ सहायक दुर्गा प्रसाद उपस्थित रहे। इसी क्रम में ब्लाक मुख्यालय पर ब्लाक प्रमुख व खण्ड विकास अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया।
परशुरामपुर थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर यादव ने ध्वजारोहण कर चित्रों पर माल्यार्पण किया। किसान इण्टर कालेज परशुरामपुर में प्रधानाचार्य वृजेश पासवान ने ध्वजारोहण कर चित्र पर माल्यार्पण कर छात्रों को स्वच्छता ही सेवा को लेकर जागरूक किया।