लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। सदन में विपक्ष के व्यवहार को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और विपक्ष का आचरण असंवैधानिक, अलोकतांत्रिक और शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सदन की कार्यवाही को बाधित कर प्रदेश की 25 करोड़ जनता के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून सत्र प्रदेश की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा का अवसर था, लेकिन विपक्ष ने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने के बजाय संसदीय परंपराओं की अवमानना की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का लोकतंत्र और संविधान में विश्वास नहीं होता, वही संसदीय संस्थाओं का अपमान करते हैं।
‘विपक्ष ने सदन का बहुमूल्य समय किया बर्बाद’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दलीय नेताओं की बैठक और बिजनेस एडवाइजरी कमेटी में पहले ही सदन का एजेंडा तय कर लिया गया था। इसके बावजूद विपक्ष ने विधायी कार्यों और अनुपूरक बजट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा में रुचि नहीं दिखाई और अनावश्यक मुद्दे उठाकर सदन का बहुमूल्य समय नष्ट करने का प्रयास किया।
‘सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि नियमों के तहत आने वाले प्रत्येक विषय पर सदन में चर्चा होगी और सरकार उसका जवाब भी देगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर सार्थक चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन विपक्ष का उद्देश्य केवल सदन की कार्यवाही को बाधित करना है।
‘प्रदेश की जनता देख रही विपक्ष का रवैया’
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दल लगातार सदन का माहौल खराब कर लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता विपक्ष के इस अलोकतांत्रिक व्यवहार को देख रही है और उसका आकलन भी कर रही है।