अयोध्या। अयोध्या मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने सोमवार देर शाम चौदहकोसी एवं पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर चल रहे वृक्षारोपण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर पौधरोपण की गुणवत्ता और संरक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लगाए गए प्रत्येक पौधे का समुचित संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने पौधों की गुणवत्ता, सिंचाई व्यवस्था, सुरक्षा और नियमित देखरेख की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों का अधिकतम जीवित प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नियमित निगरानी, समयबद्ध सिंचाई और प्रभावी रखरखाव अनिवार्य है।
मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि चौदहकोसी एवं पंचकोसी परिक्रमा मार्ग धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यहां लगाए जा रहे पौधे भविष्य में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, हरित आवरण और छायादार मार्ग उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधों की सुरक्षा, देखरेख और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि वृक्षारोपण अभियान के अपेक्षित परिणाम प्राप्त हो सकें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, नगर आयुक्त जैनेंद्र, उपायुक्त प्राधिकरण अनुराग जैन, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रखर गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडे, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अमित कुमार भट्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।