• Fri. Aug 21st, 2026

सीएम योगी का सपा पर हमला, ‘पहले विकास एजेंडे में नहीं था, सैफई सिंडिकेट तक सीमित था प्रदेश का विकास’

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार पर बिना नाम लिए तीखा हमला बोला। गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के एजेंडे में उत्तर प्रदेश का विकास नहीं था। उनका विकास केवल ‘सैफई सिंडिकेट’ तक सीमित था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में प्रदेश में दंगा, गुंडागर्दी और लूटपाट का माहौल था तथा सरकारी खजाने की भी लूट कराई जाती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में जो बदलाव और प्रगति दिखाई दे रही है, वह सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उनकी सरकार समग्र और सर्वसमावेशी विकास की नीति पर काम कर रही है।

गांव, गरीब, किसान, युवा और जवान सभी सरकार की प्राथमिकता

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने गांव, गरीब, नौजवान और महिलाओं के साथ जवानों के कल्याण पर भी ध्यान दिया है। युवाओं के लिए रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं, महिलाओं के उत्थान, किसानों की खुशहाली और गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के साथ सरकारी कर्मचारियों और जवानों के सम्मान, सुविधा और संरक्षण के लिए काम किया गया है। उन्होंने कहा कि जब सभी ने मिलकर प्रयास किया तो उसका परिणाम प्रदेश में हुए बदलाव के रूप में सामने आया।

‘दुबई में पैसा छुपाने वालों की चिंता बढ़ गई’

मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए भ्रष्टाचार और अवैध कमाई को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश को लूटा और लुटवाया, उन्होंने अपने परिवार और आने वाली पीढ़ियों के लिए बड़ी मात्रा में पैसा जमा किया। सीएम योगी ने कहा कि ऐसे लोगों को लगता था कि संकट आने पर वे कहीं और भाग जाएंगे। उन्होंने दुबई में कथित तौर पर पैसा छिपाने वालों पर तंज कसते हुए अमेरिका-ईरान संघर्ष का भी जिक्र किया और कहा कि जब वहां मिसाइलें गिर रही थीं तो अवैध कमाई से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ रही थी।

‘जो खुद कुछ नहीं कर पाए, वही आज लगा रहे आरोप’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में विकास और सकारात्मक बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश में आए दिन दंगे होते थे और कर्फ्यू लगता था। बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे तथा सड़क और आवागमन की सुविधाएं भी बेहतर स्थिति में नहीं थीं।सीएम योगी ने कहा कि आज विकास के परिणाम दिखाई दे रहे हैं तो वही लोग सवाल उठा रहे हैं, जिन्हें सत्ता में रहते हुए काम करने का अवसर मिला था लेकिन वे अपेक्षित परिणाम नहीं दे सके।

‘माफिया को प्रश्रय देकर यूपी को बना दिया था बीमारू’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में माफिया को संरक्षण मिलता था। उनके अनुसार भ्रष्टाचार और अक्षमता के कारण उत्तर प्रदेश जैसे संसाधन संपन्न राज्य को बीमारू राज्य की श्रेणी में पहुंचा दिया गया था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास उपजाऊ भूमि, युवा शक्ति, प्रगतिशील किसान, शिक्षित बेटियां और उद्यमी व्यापारी हैं। इसके बावजूद प्रदेश पिछड़ गया था। सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश को बीमार बनाया, वे जनता की समस्याओं का समाधान कैसे कर सकते थे।

‘प्रदेश से दंगे और माफिया समाप्त हो गए’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। गरीबों के सामने भुखमरी की समस्या थी और किसान परेशान थे। बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता रहती थी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सड़क और बिजली की स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है। उनके मुताबिक प्रदेश में माफिया का प्रभाव खत्म हुआ है और दंगों पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है।

‘यूपी अब बीमारू नहीं, देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। उन्होंने दावा किया कि नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब तीन गुना हुई है। सीएम के अनुसार करीब 12 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। इसी तरह प्रति व्यक्ति आय करीब 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.20 लाख रुपये तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का वार्षिक बजट भी करीब 3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9.70 लाख करोड़ रुपये हो गया है।

पीआरडी जवानों के लिए हाईराइज बैरक की दिशा में कदम

पीआरडी जवानों के लिए बहुमंजिला बैरक भवन के शिलान्यास पर मुख्यमंत्री ने जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकारें आती हैं तो बदलाव हर वर्ग तक पहुंचता है। सीएम योगी ने कहा कि पहले पुलिस अधिकारियों और जवानों के लिए भी पर्याप्त बैरक सुविधाएं नहीं थीं। अब प्रदेश के 56 जिलों में पुलिसकर्मियों के लिए बहुमंजिला बैरक भवनों की सुविधा विकसित की जा रही है। होमगार्ड स्वयंसेवकों के लिए भी अवस्थापना सुविधाओं का विस्तार हुआ है और अब प्रांतीय रक्षक दल के लिए भी हाईराइज बैरक का निर्माण लखनऊ में कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि यह बदलाव किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है।

पीआरडी स्वयंसेवकों को दिया ‘राष्ट्र प्रथम’ का संदेश

सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कर्तव्य निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय का ध्येय देश को सर्वोपरि रखना होना चाहिए। सीएम ने कहा कि देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देना है। उन्होंने स्वयंसेवकों को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश करने वाले तत्वों से सतर्क रहने की अपील की।

Leave a Reply