• Mon. Oct 5th, 2026

बस्ती में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का जिला अस्पताल निरीक्षण, चिकित्सकों को किया सम्मानित

बस्ती। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को बस्ती दौरे के दौरान स्टेशन रोड स्थित होटल बालाजी प्रकाश में अमर उजाला की ओर से आयोजित ‘आभार समर्पण एवं चिकित्सक सम्मान समारोह’ में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने जनपद के चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया और उनकी सेवा भावना व जनहित के प्रति समर्पण की सराहना की। समारोह के बाद उपमुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय बस्ती का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ड्रेसिंग रूम, इमरजेंसी ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा उपकरणों, स्वच्छता और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों से ली।

इमरजेंसी वार्ड में एसी और अस्पताल में शुद्ध पेयजल के निर्देश

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने इमरजेंसी वार्ड में एसी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के साथ ही परिसर की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और बेहतर वातावरण बनाए रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए रिक्त पदों को जल्द भरा जाए, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। इसके अलावा मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में पर्याप्त संख्या में बेंच लगवाने के भी निर्देश दिए।

मरीजों से संवाद कर जाना स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल

उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनसे उपचार, दवाओं और अस्पताल में मिल रही अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मरीज या तीमारदार को अनावश्यक परेशानी न हो और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समयबद्ध एवं सुगमता से मिले।

गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिलना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से सेवा भाव, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी राजेश यादव, एसआईसी डॉ. अनिल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply