बस्ती। श्रावण कांवड़ यात्रा को लेकर बस्ती प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सोमवार देर रात करीब 12 बजे जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर पहुंचकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया। अचानक वरिष्ठ अधिकारियों को अपने बीच देखकर शिवभक्तों में भी खासा उत्साह नजर आया। रातभर बाबा भदेश्वरनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते रहे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा होती रही। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा। भक्ति और उल्लास से सराबोर माहौल में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी ने श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा दिया।
मंदिर पहुंचकर DM- SP ने परखी व्यवस्थाएं
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ियों के सुगम आवागमन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। भीड़ बढ़ने की स्थिति में भी व्यवस्थाएं व्यवस्थित रखने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा के दौरान हर स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
अमहट घाट से कांवड़ मार्ग तक ड्रोन की पैनी नजर
कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। अमहट घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग की ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। ड्रोन कैमरों के जरिए यात्रा मार्ग, श्रद्धालुओं की भीड़ और प्रमुख स्थानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस की टीमें किसी भी संभावित स्थिति पर तत्काल कार्रवाई के लिए अलर्ट हैं।
देर रात तक अधिकारियों की मौजूदगी ने बढ़ाया शिवभक्तों का उत्साह
भदेश्वरनाथ मंदिर में देर रात तक जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी तथा कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा चर्चा का विषय बनी रही। प्रशासनिक अधिकारियों को अपने बीच देखकर शिवभक्तों ने भी उत्साह के साथ ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी राजेश यादव सहित ड्यूटी में लगे अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।