• Mon. Oct 5th, 2026

सावन शिवरात्रि पर सीएम योगी ने मानसरोवर मंदिर में किया रुद्राभिषेक, महादेव से मांगा प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

गोरखपुर। पावन सावन माह की कृष्ण पक्ष चतुर्दशी यानी सावन शिवरात्रि के अवसर पर मंगलवार को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के प्राचीन मानसरोवर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने देवाधिदेव महादेव की आराधना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की मंगलकामना की। गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरे दिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। इससे पहले सोमवार को उन्होंने गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में रुद्राभिषेक कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की थी।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ महादेव का अभिषेक

प्राचीन मानसरोवर मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवाधिदेव महादेव को बेलपत्र, कमल पुष्प, दूर्वा समेत विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की। इसके बाद शहद, दही, शर्करा, गोदुग्ध और जल से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। गोरखनाथ मंदिर के विद्वान पुरोहितों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी महामंत्रों के वैदिक उच्चारण के बीच रुद्राभिषेक की धार्मिक प्रक्रिया संपन्न कराई। वैदिक मंत्रों के उच्चारण से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

हवन और आरती के साथ पूर्ण हुआ अनुष्ठान

रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और आरती की। उन्होंने भगवान महादेव से चराचर जगत के कल्याण तथा प्रदेशवासियों के स्वस्थ, सुखी, समृद्ध और शांतिपूर्ण जीवन की प्रार्थना की।सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री की शिव आराधना से गोरखपुर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। लगातार दूसरे दिन मुख्यमंत्री द्वारा रुद्राभिषेक किए जाने को लेकर श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह नजर आया।

Leave a Reply