बस्ती। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस लगातार सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है। सोमवार को क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा मार्ग, बैरियर प्वाइंट और पार्किंग स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
CCTV कैमरों की लाइव फीड से परखी यातायात व्यवस्था
क्षेत्राधिकारी सदर ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड की समीक्षा की। प्रमुख चौराहों पर लगे कैमरों के माध्यम से कांवड़ियों की आवाजाही, यातायात व्यवस्था और भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने वायरलेस सेट के जरिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को तत्काल हटाया जाए। वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए, ताकि कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
कांवड़ मार्ग और पार्किंग स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण
कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने के बाद क्षेत्राधिकारी सदर ने कांवड़ यात्रा मार्ग, बैरियर प्वाइंट तथा श्रद्धालुओं के डीजे और वाहन पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और सभी कर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि यात्रा मार्ग पर किसी भी स्थिति में यातायात प्रभावित न हो।
कांवड़ियों से बातचीत कर जाना हाल
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर ने मार्ग में विश्राम कर रहे और यात्रा कर रहे कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनकी कुशल-क्षेम पूछने के साथ जलपान, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और यात्रा व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया। क्षेत्राधिकारी ने शिवभक्तों को भरोसा दिलाया कि बस्ती पुलिस उनकी सेवा, सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए पूरी तरह तत्पर है। पुलिस टीमों को निर्देशित किया गया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए।