नई दिल्ली। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब गांव में रहने वाले लोगों को अगला LPG सिलेंडर बुक कराने के लिए 45 दिनों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। केंद्र सरकार ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का अंतराल समान रूप से 25 दिन कर दिया है। नया नियम तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस फैसले से ग्रामीण उपभोक्ताओं को खास राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि पहले शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन का अंतराल लागू था। अब दोनों क्षेत्रों के लिए एक समान व्यवस्था होगी।
45 दिन की पाबंदी हुई खत्म
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि देश में LPG आपूर्ति की स्थिति में सुधार और रिफिल बैकलॉग में बड़ी कमी के बाद सरकार ने यह राहत दी है। तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को नई व्यवस्था को तत्काल लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका मतलब है कि ग्रामीण क्षेत्र का घरेलू LPG उपभोक्ता पिछली रिफिल बुकिंग के 25 दिन बाद अगली रिफिल बुक करा सकेगा।
गांव और शहर के लिए अब एक जैसा नियम
पहले ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के लिए अलग-अलग बुकिंग अंतराल था। ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिन और शहरी उपभोक्ताओं को 25 दिन बाद अगली रिफिल बुक करने की अनुमति थी। सरकार के नए निर्देश के बाद यह अंतर खत्म हो गया है। अब शहर हो या गांव, घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन का समान बुकिंग अंतराल लागू होगा।
LPG आपूर्ति में सुधार के बाद लिया फैसला
पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक LPG आपूर्ति पर दबाव कम हुआ है और रिफिल के बैकलॉग में भी उल्लेखनीय कमी आई है। इसी के चलते पहले लागू की गई सख्त बुकिंग व्यवस्था में ढील दी गई है। दरअसल, पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण LPG आपूर्ति पर दबाव बढ़ने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में रिफिल बुकिंग का अंतराल 45 दिन किया गया था। अब आपूर्ति की स्थिति सुधरने के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं को भी 25 दिन वाली व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
उपभोक्ताओं को क्या फायदा होगा?
नई व्यवस्था से उन परिवारों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी, जिनके घर में एक सिलेंडर जल्दी खत्म हो जाता है। पहले 45 दिन पूरे होने तक अगली रिफिल बुक नहीं कर पाने के कारण ग्रामीण परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता था। अब 25 दिन के बाद दोबारा बुकिंग की सुविधा मिलने से रसोई गैस की उपलब्धता और घरेलू सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
मार्च में थी अलग व्यवस्था, अब बदला नियम
गौरतलब है कि मार्च 2026 में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया था कि उस समय ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन का रिफिल बुकिंग अंतराल लागू था। सरकार ने तब सोशल मीडिया पर चल रहे अलग-अलग दावों को खारिज करते हुए उपभोक्ताओं से अफवाहों पर भरोसा नहीं करने को कहा था। अब सितंबर में सरकार ने नई व्यवस्था लागू करते हुए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए 25 दिन का समान अंतराल तय कर दिया है।
सीधी बात:
पहले: गांव में 45 दिन
अब: गांव और शहर दोनों में 25 दिन
लागू: तत्काल प्रभाव से