• Tue. Sep 8th, 2026

हिन्दुस्तान चिकित्सक सम्मान-2026: बस्ती के डॉ. बीके वर्मा सम्मानित, गरीब मरीजों की निःस्वार्थ सेवा को मिली पहचान

गोरखपुर। चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और मानव सेवा के लिए बस्ती के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीके वर्मा को ‘हिन्दुस्तान चिकित्सक सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। गोरखपुर के होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल की निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. विभा दत्ता के कर कमलों से डॉ. बीके वर्मा को सम्मान मिला। चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान और जरूरतमंद मरीजों के प्रति उनकी सेवा भावना को देखते हुए यह सम्मान दिया गया।

गरीब मरीजों के लिए समर्पित है सेवा

डॉ. बीके वर्मा गरीब और असहाय मरीजों के निःशुल्क उपचार के लिए बस्ती समेत पूरे पूर्वांचल में अपनी अलग पहचान रखते हैं। चिकित्सा को केवल पेशा न मानकर मानव सेवा का माध्यम बनाने वाले डॉ. वर्मा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की इलाज में हरसंभव मदद करते हैं।

उनकी सेवा भावना की खास बात यह है कि वह अपने क्लीनिक और अस्पताल में मरीजों को समय की सीमा में नहीं बांधते। सुबह मरीजों को देखना शुरू करने के बाद अंतिम मरीज को देखने के बाद ही अपनी कुर्सी छोड़ते हैं। मरीजों की संख्या अधिक होने या रात होने के बावजूद वह उनकी समस्याएं सुनकर उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं।

दवा और जांच के खर्च में भी करते हैं मदद

आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए डॉ. वर्मा की मदद केवल चिकित्सकीय परामर्श तक सीमित नहीं है। जरूरत पड़ने पर वह मरीजों की दवाओं और जांच के खर्च में भी आर्थिक सहायता करते हैं। यही वजह है कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग उनके पास इलाज के लिए पहुंचते हैं।

उनके लिए मरीज की आर्थिक स्थिति इलाज में बाधा न बने, यही सेवा का मूल भाव है। उनकी इसी निःस्वार्थ भावना ने उन्हें मरीजों और आम लोगों के बीच विशेष सम्मान दिलाया है।

‘पूर्वांचल का गौरव’ कहे जाते हैं डॉ. वर्मा

चिकित्सा सेवा के साथ जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार सक्रिय रहने वाले डॉ. बीके वर्मा को क्षेत्र में सम्मान की नजर से देखा जाता है। उनके सम्मानित होने की खबर से बस्ती सहित पूरे पूर्वांचल के चिकित्सकों और आम जनमानस में खुशी का माहौल है।

‘हिन्दुस्तान चिकित्सक सम्मान-2026’ के मंच से मिला यह सम्मान डॉ. वर्मा के चिकित्सा योगदान के साथ-साथ उन मूल्यों को भी पहचान देता है, जिनमें मरीज की सेवा और मानवता को सर्वोच्च स्थान दिया गया है।

सम्मान ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

बस्ती के वरिष्ठ चिकित्सक को गोरखपुर में आयोजित प्रतिष्ठित समारोह में सम्मान मिलने से जिले का गौरव भी बढ़ा है। लोगों का कहना है कि डॉ. बीके वर्मा जैसे चिकित्सकों की सेवा भावना समाज में चिकित्सा को लेकर विश्वास और मानवीय संवेदना को मजबूत करती है।

यह सम्मान केवल एक चिकित्सक के उत्कृष्ट कार्य की पहचान नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा, संवेदना और मानवता के प्रति समर्पण का सम्मान भी है।

Leave a Reply