हर्रैया/बस्ती। भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में विधायक अजय सिंह ने विधानसभा क्षेत्र में करीब 55 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन विभिन्न विकास परियोजनाओं और कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और मौके की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की गाढ़ी कमाई से खर्च होने वाले एक-एक रुपये का सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
4.56 करोड़ से बन रहे आईटीआई कॉलेज का निरीक्षण
हर्रैया के थान्हा खास में 4.56 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन आईटीआई कॉलेज का विधायक ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी और रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
36 करोड़ के मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का जायजा
बीआरसी हर्रैया में 36 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। विधायक ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा का मजबूत आधार प्रदान करेगा।
धरमपुर में 10 करोड़ से बन रहे स्टेडियम की देखी प्रगति
विकासखंड परसरामपुर के ग्राम धरमपुर में 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन स्टेडियम का भी विधायक अजय सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्टेडियम बनने से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच मिलेगा।
इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चल रहे संपर्क मार्ग और सड़क निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। विधायक ने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समयसीमा में पूरे हों सभी निर्माण कार्य
विधायक अजय सिंह ने कहा कि हर्रैया की जनता ने जिस विश्वास के साथ सेवा का अवसर दिया है, उस विश्वास को विकास के माध्यम से मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में डबल इंजन की भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और आम नागरिक तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने कहा कि हर्रैया में विकास अब केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर दिखाई दे रहा है। आधुनिक विद्यालय, युवाओं के लिए आईटीआई, खेल प्रतिभाओं के लिए स्टेडियम और बेहतर आवागमन के लिए सड़कों का निर्माण क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का संकल्प हर्रैया का सर्वांगीण विकास और जनहित को सर्वोपरि रखना है। विकास कार्यों में गुणवत्ता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है