लखनऊ। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), लखनऊ और उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में केरलम के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया संस्थानों के पत्रकारों के साथ ‘मीडिया संवाद एवं लंच’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों राज्यों के पत्रकारों ने मीडिया कार्यप्रणाली, संस्कृति, विकास यात्रा और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विचारों एवं अनुभवों का आदान-प्रदान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश और केरलम के मीडिया प्रतिनिधियों के बीच आपसी संवाद को मजबूत करना तथा दोनों राज्यों की सामाजिक-सांस्कृतिक विशेषताओं, विकास प्रक्रिया और मीडिया की भूमिका को बेहतर ढंग से समझने के लिए मंच उपलब्ध कराना था। संवाद में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने और राज्यों के बीच आपसी समझ एवं सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
कानून-व्यवस्था और शासन व्यवस्था पर हुई चर्चा
मीडिया संवाद के दौरान केरलम से आए पत्रकारों ने उत्तर प्रदेश की संस्कृति, विकास, शासन व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। विशेष रूप से प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों, शासन और जनता के बीच संवाद तथा फीडबैक तंत्र को लेकर चर्चा हुई।
केरलम के पत्रकारों ने उत्तर प्रदेश में संचालित विभिन्न विकास कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को समझने में भी रुचि दिखाई। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर प्रदेश की विकास पहलों और योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की थी।
केरलम की शिक्षा व्यवस्था को समझने में यूपी के पत्रकारों की रुचि
वहीं, उत्तर प्रदेश के पत्रकारों ने केरलम की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के पीछे के प्रमुख कारणों को समझने में रुचि दिखाई। दोनों राज्यों के पत्रकारों ने अपने-अपने यहां मीडिया के काम करने के तौर-तरीकों, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को समाचारों में प्राथमिकता देने के अनुभव भी साझा किए।संवाद के दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, स्थानीय मुद्दों की रिपोर्टिंग और जनता तक सूचनाओं की प्रभावी पहुंच जैसे विषयों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय सिनेमा पर भी चर्चा
कार्यक्रम में बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के बीच बढ़ते संबंधों पर भी चर्चा हुई। दोनों क्षेत्रों की फिल्म इंडस्ट्री के बीच सहयोग और सिनेमा के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान की संभावनाओं को लेकर पत्रकारों ने अपने विचार साझा किए।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), लखनऊ के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ल, पीआईबी केरलम की निदेशक वी. पार्वती तथा उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अपर महानिदेशक अरविंद कुमार मिश्रा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एनडीटीवी, इंडिया टीवी, टाइम्स नाउ, मलयाला मनोरमा, केरल कौमुदी, मंगलम, मातृभूमि, द इंडियन एक्सप्रेस और द न्यू इंडियन एक्सप्रेस समेत केरलम और उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रमुख मीडिया संस्थानों के ब्यूरो चीफ एवं पत्रकार शामिल हुए।
गौरतलब है कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पहल का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देना है। केरलम के मीडिया प्रतिनिधिमंडल का लखनऊ दौरा इसी उद्देश्य के अनुरूप दोनों राज्यों के पत्रकारों के बीच संवाद और अनुभव साझा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।