अयोध्या। अयोध्या नगर निगम में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित 16 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई की अध्यक्षता करते हुए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने वर्षाकाल को देखते हुए नगर के जलभराव वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान सड़क निर्माण, नाली निर्माण, जलभराव, पेयजल आपूर्ति, सीवर लाइन की खुदाई तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई की गई। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, सुमित कुमार सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।