• Sat. Aug 22nd, 2026

मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित दौरे को लेकर गोविंद साहब में तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 अगस्त 2026 को प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तहसील आलापुर के विकासखंड रामनगर स्थित पूर्वांचल के प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल गोविंद साहब का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, मंच, वीआईपी आगमन-प्रस्थान मार्ग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि कार्यक्रम से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग और स्थलीय समीक्षा की जाए।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे और श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत, उपजिलाधिकारी आलापुर, तहसीलदार आलापुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply