• Fri. Aug 21st, 2026

‘धरती माँ के नाम एक पत्र’ विषय पर आमंत्रित हैं प्रविष्टियां, 31 अक्टूबर तक किसी भी उम्र के प्रतिभागी कर सकते हैं आवेदन

लखनऊ। भारतीय डाक विभाग ने नई पीढ़ी में पत्र लेखन की परंपरा को बढ़ावा देने और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर की ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता शुरू की है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “धरती माँ के नाम एक पत्र : प्रकृति की रक्षा का मेरा संकल्प” रखा गया है। प्रतियोगिता में किसी भी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकते हैं और विजेताओं को 5 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक के आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।

उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि प्रतिभागियों को निर्धारित विषय पर पत्र लिखकर चीफ पोस्टमास्टर जनरल, गुजरात परिमंडल, अहमदाबाद-380001 के पते पर भेजना होगा। प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टियां 1 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी। पहला वर्ग 18 वर्ष तक तथा दूसरा 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए होगा। पत्र केवल भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी अंतर्देशीय पत्र अथवा लिफाफे में ही स्वीकार किए जाएंगे। प्रतिभागी हिंदी, अंग्रेजी या किसी स्थानीय भाषा में हाथ से पत्र लिख सकते हैं। 18 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए अधिकतम 500 शब्द तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए 1000 शब्द की सीमा निर्धारित की गई है।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः ₹25,000, ₹10,000 और ₹5,000 होंगे, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः ₹50,000, ₹25,000 और ₹10,000 प्रदान किए जाएंगे। पूरे देश में कुल ₹40.20 लाख की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में भी हस्तलिखित पत्रों की आत्मीयता, संवेदनशीलता और भावनात्मक महत्व बना हुआ है। ‘ढाई आखर’ अभियान का उद्देश्य युवाओं में रचनात्मकता, मौलिकता और आत्म-अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें भारतीय डाक सेवा और फिलेटली से जोड़ना है। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों से भी इस प्रतियोगिता में अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कराने की अपील की।

Leave a Reply