• Mon. Oct 5th, 2026

बस्ती मंडल के नए मंडलायुक्त बने आईएएस वैभव श्रीवास्तव, संभाला कार्यभार

बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नियुक्त आईएएस अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को बस्ती मंडल के नए मंडलायुक्त के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह पीसीडीएफ (प्रादेशिक कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन), लखनऊ में प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे।

सर्किट हाउस पहुंचने पर नवागत मंडलायुक्त को पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान मंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यभार संभालने के बाद मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बस्ती मंडल के बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जनपदों में चल रही विकास परियोजनाओं को गति दी जाएगी। साथ ही आमजन की समस्याओं का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। मंडलायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह एवं जनोन्मुख बनाने के लिए सभी अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर आयुक्त (प्रशासन) मनोज तिवारी, अपर आयुक्त (न्यायिक) सुरेंद्र प्रसाद यादव, संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, उपजिलाधिकारी हिमांशु कुमार, उमाकांत तिवारी, राजेश यादव, वैयक्तिक सहायक बजरंगबली पाण्डेय, प्रशासनिक अधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply