अम्बेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 अगस्त को प्रस्तावित गोविंद साहब दौरे एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बुधवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सोमेन वर्मा ने जिलाधिकारी ईशा प्रिया, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ तहसील आलापुर के विकासखंड रामनगर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थल गोविंद साहब पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड निर्माण, मुख्य मंच, आगंतुकों के आवागमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैठक स्थल, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी कर ली जाएं।
मंडलायुक्त राजेश कुमार और डीआईजी सोमेन वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और आमजन की सहभागिता संभावित है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सुरक्षा एवं जनसुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से पूरा करें। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को कार्यक्रम स्थल पर विद्युत सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने मंडलायुक्त एवं डीआईजी को कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर सभी विभागों द्वारा समन्वित रूप से कार्य किया जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुरक्षित, सफल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, प्रशिक्षु आईएएस थनिगईयरसन टी, परियोजना अधिकारी डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।