• Fri. Aug 21st, 2026

मिलिए गाजियाबाद के सुपर अय्याश से : तीन गर्लफ्रेंड को खुश करने के लिए करता था चोरी

ByJyoti Nishad

Oct 15, 2023

गाजियाबाद। मकान और दुकान की रेकी करने के बाद ताले तोड़कर चोरी करने वाले चोर की असली कहानी सुनकर गाजियाबाद पुलिस की भी आंखें फटी की फटी रह गईं। गाजियाबाद की पॉश कॉलोनी में चोरी करने वाले शातिर चोर को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के सवा लाख रुपये, पांच चांदी के सिक्के के अलावा नकब, हथौड़ी, पेचकस, 20 चाबियां, पिट्ठू बैग व ताले तोड़ने के उपकरण आदि बरामद किए हैं। खास बात यह है कि इस शातिर चोर की तीन गर्लफ्रेंड हैं। उन्हें ऐश कराने और पब ले जाने के लिए चोरी करता था।

क्या है पूरा मामला

विजयनगर का रहने वाला युवक सोनीपत के एक रेस्तरां में खाना बनाने का काम करता है। खुद 12वीं पास है, लेकिन तीन गर्लफ्रेंड रखता है। साथ ही उनके शौक भी पूरा करता है। बता दें कि चोरी के पैसों से उसने केटीएम ड्यूक बाइक भी खरीदी हुई थी, जिस पर वह अपनी गर्लफ्रेंड को घुमता है और पब ले जाकर शराब पिलाता है। टशन दिखाने को वह गर्लफ्रेंड के सामने वेटरों को एक से दो हजार रुपये की टिप देता था।

वकील के घर को भी बनाया था निशाना

एडीसीपी क्राइम सच्चिदानंद ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुल रहमान सिद्दीकी ने टीम के साथ शनिवार को शातिर चोर कारण जाटव पुत्र हरिश्चंद्र को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी सोनीपत में जिंदल ग्लोबल सिटी के पास स्पेस यू लव रेस्टोरेंट में खाना बनाता है। छुट्टी लेकर जब गाजियाबाद आता है तो यहां रैकी कर पॉश इलाकों में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी करता है। 7 अक्टूबर को आरडीसी में अधिवक्ता संजीव अग्रवाल के कार्यालय का ताला तोड़कर डेढ़ लाख रुपए चोरी कर लिए थे। इससे पहले राजनगर में 13 अगस्त को संजय अग्रवाल के मकान से लाखों की नगदी, गहने व चांदी के सिक्के चोरी किए थे।

20 से अधिक वारदातों को दे चुका है अंजाम

सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पहचान कर क्राइम ब्रांच की टीम ने इसे गिरफ्तार किया है। करण जाटव चोरी के आरोप में पहले भी दो बार गिरफ्तार हो चुका है। वह 20 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। खास बात यह है कि वह चोरी केवल गाजियाबाद में ही करता है। चोरी के कुछ पैसे वह घर पर देता है। उसने चोरी के पैसों से केटीएम बाइक खरीदी थी। उसकी तीन गर्लफ्रेंड हैं, जिसे उसकी दोस्ती इंटरनेट मीडिया से हुई। पकड़ा गया चोर करण जाटव विजयनगर अपने घर पर आता जाता है। वह पिछले 2 साल से अकेला ही चोरी कर रहा है। इसके खिलाफ विभिन्न स्थानों में चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply