• Fri. Aug 21st, 2026

नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर कौशलेंद्र प्रताप सिंह और संदीप चौधरी के भंडारे बने सेवा के केंद्र, विधायकों ने भी पहुंचकर बढ़ाया उत्साह

बस्ती। पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के लिए हर्रैया क्षेत्र में आस्था और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह भंडारे, पेयजल और मेडिकल कैंप लगाकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आ रहा है।

भंडारे में कांवड़ियों को कराया प्रसाद ग्रहण

नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर कौशलेंद्र प्रताप सिंह की ओर से आयोजित विशाल भंडारे में कांवड़ियों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही मेडिकल कैंप के माध्यम से शिवभक्तों को स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। यात्रा मार्ग पर की गई व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने सराहना की। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और पुण्य का अवसर है। उनका प्रयास है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी उद्देश्य से आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

तेनुआ हाईवे पर भी लगा विशाल भंडारा

वहीं तेनुआ नेशनल हाईवे पर समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संदीप चौधरी के नेतृत्व में आयोजित विशाल भंडारा भी कांवड़ियों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। यात्रा मार्ग से गुजर रहे बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने यहां प्रसाद ग्रहण किया। संदीप चौधरी की अगुवाई में की गई सेवा व्यवस्था की श्रद्धालुओं ने सराहना करते हुए इसे शिवभक्ति और सामाजिक सेवा का सराहनीय उदाहरण बताया।

विधायकों ने भी की शिवभक्तों की सेवा

दोनों सेवा आयोजनों में विधायक महेंद्रनाथ यादव और कप्तानगंज विधायक कविंद्र अतुल चौधरी भी पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने कांवड़ियों की सेवा में सहभागिता की और श्रद्धालुओं से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगातार ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रावण मास में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की ओर से शिवभक्तों के लिए की जा रही सेवा से कांवड़ मार्ग पर आस्था, सेवा और सहयोग की सुंदर तस्वीर देखने को मिल रही है।

Leave a Reply