• Fri. Aug 21st, 2026

उज्जैन में नागचंद्रेश्वर मंदिर के पास बिगड़े हालात,भीड़ के दबाव से कई श्रद्धालु बेहोश, दो अस्पताल में भर्ती

उज्जैन। सावन के तीसरे सोमवार पर मध्य प्रदेश के उज्जैन में भगवान महाकाल और साल में एक बार खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इसी दौरान हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से भगदड़ जैसे हालात बन गए। कई श्रद्धालुओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, भीड़ के दबाव के चलते कुछ श्रद्धालुओं की तबीयत खराब हुई है। दो श्रद्धालुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर स्थिति संभालते हुए बीमार श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला।

नागचंद्रेश्वर दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब

सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे। मंदिर के आसपास के रास्तों पर भारी भीड़ के कारण कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को काफी दबाव का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, पांच लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान महाकाल और नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर चुके हैं। आधी रात से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए कतारों में लग गए थे।

बैरिकेडिंग क्षेत्र में बढ़ा भीड़ का दबाव

हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। इसी दौरान महिला-पुरुष और युवतियों समेत कई श्रद्धालुओं को घबराहट और कमजोरी की शिकायत हुई। कुछ लोग मौके पर ही बेहोश हो गए।
परिजनों और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अस्पताल में भर्ती श्रद्धालुओं की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल

दर्शन के लिए पहुंचे कुछ श्रद्धालुओं ने भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना है कि वे रात 12 बजे से कतार में लगे थे। इस दौरान भीड़ बढ़ती गई और बैरिकेडिंग वाले हिस्से में दबाव की स्थिति पैदा हो गई। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही। सावन के तीसरे सोमवार को उज्जैन में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर क्षेत्र और आसपास के मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

Leave a Reply