• Mon. Oct 5th, 2026

पांच सर्वोदय विद्यालयों में शुरू हुए स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल पढ़ाई से बदलेंगे विद्यार्थियों के भविष्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में अब पारंपरिक पढ़ाई के साथ डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रदेश के पांच सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम की शुरुआत की गई है। सरकार की इस पहल से ग्रामीण और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के बेहतर संसाधन और समान अवसर मिल सकेंगे। गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने स्मार्ट क्लासरूम परियोजना का उद्घाटन किया। FIRST ORIGIN NextGen Edutech Pvt. Ltd. के सहयोग से सीएसआर के तहत शुरू हुई परियोजना के प्रथम चरण में पांच विद्यालयों में एक-एक स्मार्ट क्लासरूम तैयार किया गया है। परियोजना की कुल लागत 35 करोड़ रुपये बताई गई है।

पांच जिलों के सर्वोदय विद्यालयों में डिजिटल पढ़ाई की शुरुआत

समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह के अनुसार, प्रदेश में वर्तमान में 103 सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं। पायलट प्रोजेक्ट के तहत गाजियाबाद के निडोरी, बुलंदशहर के बदनौरा, मेरठ के हस्तिनापुर, बरेली और पीलीभीत के विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम शुरू किए गए हैं। इन आधुनिक कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड, स्मार्ट पैनल, दो एयर कंडीशनर और वुडेन फ्लोरिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। डिजिटल माध्यम से पढ़ाई होने से विद्यार्थी कठिन विषयों को वीडियो, ग्राफिक्स और इंटरैक्टिव कंटेंट के जरिए आसानी से समझ सकेंगे। वहीं शिक्षक भी विषयों को ज्यादा प्रभावी और रोचक तरीके से पढ़ा सकेंगे।

असीम अरुण बोले- स्मार्ट क्लासरूम सिर्फ पढ़ाई का बदलाव नहीं

राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम केवल पढ़ाई के तरीके में बदलाव नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने का प्रयास है। योगी सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर विद्यार्थी आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े तथा भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार हो। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान अब केवल विद्यालयों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता, तकनीकी संसाधनों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

दूसरे चरण में और विद्यालयों तक पहुंचेगी डिजिटल शिक्षा

फर्स्ट ओरिजिन के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुज कुमार वर्मा ने बताया कि परियोजना के दूसरे चरण में चयनित अन्य सर्वोदय विद्यालयों में भी स्मार्ट क्लासरूम और ऑनलाइन शिक्षा का विस्तार किया जाएगा। इससे बड़ी संख्या में विद्यार्थी डिजिटल शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा मिलने से सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और बदलते रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी। खास तौर पर ग्रामीण और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए यह पहल आधुनिक शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने वाली साबित हो सकती है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव, निदेशक समाज कल्याण संजीव सिंह, उपनिदेशक जे राम और फर्स्ट ओरिजिन के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुज कुमार वर्मा समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply