प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को सिविल लाइंस स्थित “शहीद वॉल” पर पहुंचे, जहां उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने “वृक्षारोपण महाअभियान 2025” और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत शहीदों की स्मृति में “मौलश्री” का पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम का आयोजन भारत भाग्य विधाता संस्था के सहयोग से किया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा, “शहीद वॉल सिर्फ एक स्मारक नहीं, यह देशभक्ति की जीवंत गाथा है। जो प्रयागराज आकर इस वॉल का दर्शन नहीं करता, उसकी तीर्थयात्रा अधूरी मानी जाएगी।”

“शहीदों के सपनों को साकार करना हमारा दायित्व”
उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हम आज़ादी के 76वें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं, और यह उन अमर बलिदानियों की देन है जिन्होंने हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूमा। “शहीद वॉल पर दीप प्रज्ज्वलित करना अपने पूर्वजों को सच्ची श्रद्धांजलि है,” उन्होंने कहा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज केवल संगम की भूमि नहीं, बल्कि यह देशभक्ति, स्वतंत्रता संग्राम, साहित्य और सनातन संस्कृति का तीर्थ स्थल है। उन्होंने महर्षि भारद्वाज, निषादराज के श्रृंगवेरपुरधाम, द्वादश माधव, शक्तिपीठ और सिद्धपीठों का विशेष रूप से उल्लेख किया।
प्रयागराज को विश्व स्तरीय शहर बनाने का संकल्प
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज को एक ऐसा शहर बनाया जाएगा जिसकी गूंज पूरे देश और विदेशों तक सुनाई दे। उन्होंने आश्वस्त किया कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। कार्यक्रम में भारत भाग्य विधाता संस्था के वीरेन्द्र पाठक ने शहीद वॉल के निर्माण, महत्व और विस्तार योजनाओं की जानकारी दी। संस्था ने अनवरत ज्योति जलाने, डिजिटल स्क्रीन लगाने और स्थानीय शहीदों के लिए विशेष सम्मान की मांग भी रखी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी ने किया। समापन के समय श्री केवी पांडेय और श्री वीरेन्द्र पाठक ने उपमुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर महापौर उमेश चंद्र केसरवानी, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला, पूर्व उपमहापौर केवी पांडेय, अनामिका चौधरी, भारत भाग्य विधाता संस्था के पदाधिकारीगण और बड़ी संख्या में गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।