• Tue. Sep 29th, 2026

Asian Games 2026: कुराश से लेकर शूटिंग और एथलेटिक्स तक गूंजा भारत का नाम, एक दिन में जीते आठ पदक

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में सोमवार का दिन भारतीय खिलाड़ियों के नाम रहा। अईची-नागोया में जारी खेलों के दौरान भारत ने एक ही दिन में आठ पदक अपने नाम किए। भारतीय खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, निशानेबाजी और कुराश में दमदार प्रदर्शन करते हुए चार रजत और चार कांस्य पदक जीते। इस प्रदर्शन के साथ भारत की कुल पदक संख्या बढ़कर 45 हो गई है। इसमें चार स्वर्ण, 20 रजत और 21 कांस्य पदक शामिल हैं। सोमवार को भारत के आठ पदकों में सबसे बड़ा योगदान एथलेटिक्स का रहा। ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं से भारत को छह पदक मिले, जबकि निशानेबाजी और कुराश में एक-एक पदक आया।

एथलेटिक्स में छह पदक, भाला फेंक में भारत का डबल पोडियम

पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में यशवीर सिंह ने रजत और रोहित यादव ने कांस्य पदक जीता। यशवीर ने अपने अंतिम प्रयास में 85.72 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। रोहित यादव ने 84.35 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक हासिल किया। श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने 88.55 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता।

यशवीर के लिए यह दिन दोहरी सफलता वाला रहा। भाला फेंक में रजत के साथ उन्होंने एक कांस्य पदक भी अपने नाम किया। पुरुषों की लंबी कूद में मुरली श्रीशंकर ने 8.07 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता। यह एशियन गेम्स में उनका लगातार दूसरा रजत पदक है। वहीं गुलवीर सिंह ने 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में पारुल चौधरी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में विथ्या रामराज ने कांस्य पदक जीता और इस दौरान पीटी ऊषा का 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ा।

निशानेबाजी में ईशा सिंह का रजत

निशानेबाजी में ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में एक और पदक जोड़ा। इस स्पर्धा में उनके प्रदर्शन से भारतीय निशानेबाजी टीम का अभियान और मजबूत हुआ।

कुराश में पिंकी बलहारा ने जीता कांस्य

कुराश में पिंकी बलहारा ने महिलाओं के 78 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता। सेमीफाइनल में उन्हें दक्षिण कोरिया की मो सू-मिन से 0-5 से हार मिली, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। यह एशियन गेम्स में पिंकी का दूसरा पदक है।

एक दिन में चार रजत और चार कांस्य

सोमवार को भारत के खाते में आए आठ पदकों में यशवीर सिंह, मुरली श्रीशंकर, गुलवीर सिंह और ईशा सिंह ने रजत जीते। वहीं रोहित यादव, पारुल चौधरी, विथ्या रामराज और पिंकी बलहारा ने कांस्य पदक अपने नाम किए।

इस पदक अभियान के बाद भारत की कुल संख्या 45 पदक हो गई है। भारतीय दल के खाते में चार स्वर्ण, 20 रजत और 21 कांस्य पदक हैं। हालांकि सोमवार के आठ पदकों में भारत को कोई स्वर्ण नहीं मिला। इसी वजह से कुल पदक संख्या बढ़ने के बावजूद पदक तालिका में भारत की स्थिति में बड़ा बदलाव नहीं हुआ।

बॉक्सिंग में तीन पदक पक्के

सोमवार के मुकाबलों में पदक जीतने के अलावा भारतीय मुक्केबाजों ने भी आगे की राह बनाई। लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की सुयोन सियोंग को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जिससे उनका पदक पक्का हो गया। भारत के दो अन्य मुक्केबाजों ने भी अपने-अपने वर्ग में सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक सुनिश्चित किए।

Leave a Reply