गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए समस्याओं का त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उसकी समस्या का समाधान किया जाए।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए परेशान न होना पड़े और प्रत्येक मामले में निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जमीन-जायदाद से जुड़े पारिवारिक विवादों में संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी संवाद के माध्यम से समाधान कराने का प्रयास किया जाए। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता बरती जाए, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाया जाए। जो लोग किसी कारण से योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उनकी पात्रता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वालों को दिया भरोसा
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि उपचार के लिए सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित एस्टीमेट तैयार कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने उपचार के लिए आए लोगों से आयुष्मान कार्ड के बारे में भी जानकारी ली। जिन जरूरतमंदों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं था, उनका कार्ड बनवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बच्चों को पढ़ाई के लिए किया प्रेरित
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की, उन्हें खूब मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया और चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रोत्साहित करते हुए परिवारों से भी बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने का संदेश दिया।
गोशाला पहुंचकर की गोसेवा
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर में अपनी परंपरागत दिनचर्या के तहत भ्रमण किया और गोशाला पहुंचे। वहां उन्होंने गोवंश को दुलारा, उनके माथे पर हाथ फेरा और पीठ थपथपाई। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से गायों को रोटी और गुड़ खिलाया।
मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ आए बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को अपने पास बुलाकर उनसे बातचीत की, चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाए। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाना और लोगों को न्याय दिलाना है।