लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस पर कर्तव्य निभाते हुए प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वीर पुलिसकर्मियों का शौर्य, साहस और समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है।
मुख्यमंत्री ने लिखा कि देश की सुरक्षा, समाज की शांति और नागरिकों के जीवन की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों को वह कृतज्ञतापूर्वक नमन करते हैं। कर्तव्य की वेदी पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले इन जवानों का समर्पण सदैव याद रखा जाएगा।
जवाहर बाग की घटना का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए पिछली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में माफिया का प्रभाव था। मथुरा के जवाहर बाग में कानून की रक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को अपने प्राणों का बलिदान देना पड़ा था। मुख्यमंत्री ने इसे उस दौर की कानून-व्यवस्था से जुड़ी गंभीर घटना के रूप में रेखांकित किया।
पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है और प्रदेश उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ा है। उनके अनुसार, पुलिस को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की स्वतंत्रता दी गई है। पुलिस बल को मजबूत बनाने के लिए 2.26 लाख से अधिक भर्तियां की गई हैं और प्रशिक्षण क्षमता में 10 गुना वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि सात बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई है। प्रत्येक जिले में साइबर थाने और प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना से पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह बनाने का प्रयास किया गया है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई और 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई। उन्होंने इसे अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सरकार की कार्रवाई का प्रमाण बताया।
सुरक्षित और भयमुक्त उत्तर प्रदेश का संकल्प
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिसकर्मियों के बलिदान और उनके परिवारों के त्याग को हमेशा याद रखा जाएगा। प्रदेश को सुरक्षित, न्यायपूर्ण और भयमुक्त बनाए रखने के लिए सरकार लगातार काम करती रहेगी। पुलिस स्मृति दिवस पर उन्होंने कर्तव्य के दौरान शहीद हुए सभी पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके योगदान को राष्ट्र और समाज के लिए अमूल्य बताया।