• Tue. Nov 3rd, 2026

पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम योगी ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, परिजनों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा

लखनऊ। पुलिस स्मृति दिवस 2026 के अवसर पर लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान परिजनों ने अपनी समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

शहीद परिवारों से मिले मुख्यमंत्री

कार्यक्रम में शहीद प्रदीप कुमार की पत्नी मयूरी वर्मा ने बताया कि उनके पति जालौन में तैनात थे और वर्ष 2026 में ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से परिवार को लगातार सहयोग मिला है, जिसके लिए वह विभाग की आभारी हैं।

मयूरी वर्मा के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनसे मुलाकात कर आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी तरह की परेशानी आने पर उनके परिवार को पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनकी पेंशन शुरू हो चुकी है, नौकरी के लिए आवेदन किया जा चुका है और सहायता राशि भी प्राप्त हो गई है।

वहीं, शहीद रोहित यादव की पत्नी निशा यादव ने बताया कि एक कंपनी में आग लगने की घटना में उनके पति की मृत्यु हुई थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने शहीद परिवार को सम्मान दिया और उनकी बात गंभीरता से सुनी।

एक साल में यूपी के छह पुलिसकर्मियों ने दिया बलिदान

पुलिस स्मृति दिवस के लिए निर्धारित अवधि एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया। इनमें उत्तर प्रदेश के छह पुलिसकर्मी शामिल हैं।

बलिदान देने वाले उत्तर प्रदेश के पुलिसकर्मियों में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के फायर सर्विस चालक तीर्थपाल सिंह और फायरमैन रोहित यादव के अलावा जालौन के उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, आरक्षी अशोक कुमार और आरक्षी प्रदीप कुमार शामिल हैं।

कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले इन पुलिसकर्मियों के साहस और समर्पण को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों से मुलाकात की। कार्यक्रम का उद्देश्य देश और प्रदेश की सुरक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान को सम्मान देना और उनके परिवारों के प्रति संवेदना एवं सहयोग व्यक्त करना रहा।

Leave a Reply